रायपुर। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने अपने झारखंड प्रवास के दौरान रांची स्थित राज्य अतिथि गृह में झारखंड सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की विभिन्न प्रमुख योजनाओं की व्यापक समीक्षा की। बैठक में शहरी प्रशासन, नगर विकास एवं आवास विभाग की निदेशक नैन्सी सहाय, मिशन निदेशकगण एवं रांची स्मार्ट सिटी के महाप्रबंधक सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (PMAY-U 2.0), स्वच्छ भारत मिशन-शहरी (SBM-U 2.0), अमृत 2.0 तथा पीएम स्वनिधि योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने हटिया रेलवे स्टेशन के समीप निवासरत झुग्गीवासियों के पुनर्वास के लिए अफोर्डेबल हाउसिंग इन पार्टनरशिप घटक को प्राथमिकता देने तथा औद्योगिक नगरों में श्रमिकों के लिए अफोर्डेबल रेंटल हाउसिंग के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया। पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को शीघ्र क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
केंद्रीय राज्य मंत्री साहू ने स्वच्छ भारत मिशन-शहरी एवं अमृत 2.0 के अंतर्गत सभी लंबित एवं प्रगतिरत परियोजनाओं को मार्च 2027 तक पूर्ण करने तथा राज्य की सभी लेगेसी वेस्ट डंप साइटों का वैज्ञानिक रिमेडिएशन दिसंबर 2026 तक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित ठेकेदार भुगतान शीघ्र जारी करने, सामुदायिक एवं सार्वजनिक शौचालयों की निविदाएँ अगस्त 2026 तक जारी करने तथा स्वच्छता अवसंरचना के बेहतर संचालन के लिए आईओटी आधारित मॉनिटरिंग प्रणाली अपनाने पर भी बल दिया।










