छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 70 सीटों पर 75.08% वोटिंग हुई है। गरियाबंद की बिंद्रानवागढ़ में नक्सलियों ने पोलिंग पार्टी पर हमला कर दिया। इस दौरान IED ब्लास्ट में ITBP का एक जवान शहीद हो गया है। वहीं, बलौदाबाजार में मतदान की लाइन में लगी एक महिला की हार्ट अटैक से मौत हुई है।
2018 के आंकड़ों की बात करें तो पिछली बार की अपेक्षा इस बार 70 सीटों पर 0.09% कम मतदान हुआ है। 2018 में इन सीटों पर 75.17% वोटिंग हुई थी। इस बार सबसे कम वोटिंग 65.45% रायपुर में और सबसे ज्यादा धमतरी में 84.23 प्रतिशत मतदान हुआ है। बिंद्रानवागढ़ के नक्सल प्रभावित 9 बूथों पर 91% वोटिंग हुई है। मतदान के नतीजे 3 दिसंबर को आएंगे।
5 बड़े जिलों में मतदान का प्रतिशत
जिला | सुबह 9 बजे तक | 11 बजे तक | दोपहर 1 बजे तक | दोपहर 3 बजे तक | रात 7 बजे तक के आंकड़े | देर रात जारी आंकड़े |
रायपुर | 6.54 | 19.07 | 32.37 | 46.89 | 58.83 | 65.45 |
दुर्ग | 5.49 | 18.88 | 37.04 | 52.07 | 68.00 | 71.59 |
बिलासपुर | 4.44 | 14.01 | 29.64 | 46.81 | 62.77 | 67.35 |
रायगढ़ | 5.13 | 22.87 | 42.86 | 60.18 | 75.16 | 83.92 |
सरगुजा | 5.56 | 19.98 | 41.03 | 57.24 | 67.71 | 80.18 |
जिन 70 सीटों पर मतदान हुआ है, उनमें से 51 सीटें कांग्रेस के कब्जे में हैं। 2018 के चुनाव में मरवाही विधानसभा सीट JCCJ के पास थी। पूर्व सीएम अजीत जोगी की मौत के बाद हुए उप चुनाव में वह सीट भी कांग्रेस के खाते में चली गई।