मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोमवार को फिर एक बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस की सरकार आने पर रायगढ़ और कोरिया नए संभाग बनाए जाएंगे। फिलहाल प्रदेश में 5 संभाग हैं। सीएम बघेल बैकुंठपुर के मौहरी मैदान में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि, हमारी सरकार बनेगी तो एक नहीं, दो संभाग बनेंगे। शर्त ये है कि कोरिया संभाग में सभी प्रत्याशियों को जिताना होगा। बैकुंठपुर से कांग्रेस की प्रत्याशी अम्बिका सिंहदेव ने मुख्यमंत्री से बैकुंठपुर को संभाग बनाने की मांग रखी थी। इसके बाद भूपेश बघेल ने दो नए संभाग का ऐलान किया है।
2 दिन में 2 बड़ी घोषणाएं
कांग्रेस ने भरोसे का घोषणा पत्र 5 नवंबर को लॉन्च किया था। इसमें 20 वादे किए गए हैं। इसके अलावा दीपावली के दिन महिलाओं को सालाना 15 हजार देने का ऐलान किया गया। इसके बाद दूसरे ही दिन 13 नवंबर को भूपेश बघेल ने 2 नए संभाग बनाने का ऐलान कर दिया है।
महादेव एप पर कहा- मनोरंजन कीजिए
महादेव ऐप पर भूपेश बघेल ने कहा कि, मतदान तक आप जमकर मनोरंजन कीजिए। क्योंकि असीम दास जो लड़का पकड़ा गया, वह भाजपा का है। जो गाड़ी पकड़ी गई, वो अमर अग्रवाल के भाई की है। ईडी जो विज्ञप्ति जारी करती है कि शुभम सोनी मैनेजर है। दूसरे दिन भाजपा अपलोड करती है, वो कहती है कि मालिक मैं हूं। ऐसा भी मालिक होता है, जो नौकर पर 250 करोड़ खर्च करता है।
भ्रष्टाचार की जांच पर कहा- सीएम सर, सीएम मैडम पर कार्रवाई कब
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के भ्रष्टाचार की जांच कराने की बात को लेकर भूपेश बघेल ने कहा कि, सीएम सर, सीएम मैडम कौन है, बताएं। पनामा में कब कार्रवाई होगी, चिटफंड कंपनी घोटाला, नान घोटाले में कब कार्रवाई करेंगे। राणे, हेमंत बिस्व सरमा, अजित पवार पर कब कार्रवाई करेंगे, बताएं?
भूपेश बोले- पहले चरण में हार रही भाजपा
भूपेश बघेल ने कहा कि, पहले चरण के चुनाव में भाजपा बुरी तरह हार रही है। रमन सिंह भी बुरी तरह हार रहे हैं। भाजपा में केवल मोदी जी अपने नाम की गारंटी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी ने चुनाव से पहले कहा था कि केंद्र में भाजपा की सरकार बनी तो 15-15 लाख रुपए देंगे। आज तक 15 लाख खाते में नहीं आया।