महासमुंद। ऐतिहासिक और सांस्कृतिक नगरी सिरपुर में आज ‘आपरेशन सिंदूर’ के तहत एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस गौरवपूर्ण अवसर पर जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में देशभक्ति से ओतप्रोत वातावरण देखने को मिला। तिरंगा यात्रा में कलेक्टर विनय लंगेह, पुलिस अधीक्षक आशुतोष सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस. आलोक सहित भ्रमण दल के 5 सदस्य शामिल हुए। यात्रा का शुभारंभ सिरपुर के ऐतिहासिक स्थल से हुआ और यह शहर के प्रमुख चौक, चौराहों तथा गलियों से होते हुए आगे बढ़ी।
इस रैली में स्काउट-गाइड के बच्चों, विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। सभी प्रतिभागियों के हाथों में तिरंगा लहराते हुए, देशप्रेम नारों और देशभक्ति गीतों के साथ वातावरण को राष्ट्रीय एकता की भावना से भर दिया।
नागरिकों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि सिरपुर जैसी ऐतिहासिक नगरी में इस प्रकार के आयोजन से युवाओं को अपने सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए सभी नागरिक एकजुट हो के साथ किया गया, जिसमें सभी उपस्थित जनों ने एक स्वर में भारत माता की जय घोष,वंदे मातरम के साथ भाग लिया।