छत्तीसगढ़ के शुरुआती रुझानों में पाटन सीट से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 10,012 वोट से आगे चल रहे हैं। इस सीट से उनका मुकाबला भतीजे और सांसद विजय बघेल से है। कवर्धा से मंत्री मोहम्मद अकबर, साजा से मंत्री रविंद्र चौबे पीछे चल रहे हैं। भरतपुर-सोनहत से भाजपा प्रत्याशी केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह आगे चल रही हैं। वहीं पत्थलगांव से बीजेपी प्रत्याशी और सांसद गोमती साय आगे चल रही हैं। लोरमी से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव आगे चल रहे हैं। रायपुर दक्षिण से कांग्रेस प्रत्याशी महंत रामसुंदर दास पीछे चल रहे हैं।
पाटन से सीएम भूपेश बघेल आगे
- 11वें राउंड में भाजपा प्रत्याशी विजय बघेल पीछे चल रहे हैं। उन्हें 48,962 वोट मिले हैं।
- मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को 58,974 वोट मिले हैं।
इस सीट से बीजेपी ने विजय बघेल को उनके खिलाफ उतारा जिसके बाद से यह सीट हाईप्रोफाइल बन गई। विजय बघेल बीजेपी से सांसद हैं। साथ ही भूपेश बघेल के भतीजे भी हैं। जिसके चलते यह सीट कका Vs भतीजा भी बन गई।
कवर्धा में मंत्री मोहम्मद अकबर पीछे
- 9वें राउंड में भाजपा प्रत्याशी विजय शर्मा 18,700 वोट से आगे चल रहे हैं। उन्हें 67,973 वोट मिले हैं।
- कांग्रेस प्रत्याशी और मंत्री मोहम्मद अकबर पीछे चल रहे हैं। उन्हें 49,273 वोट मिले हैं।
सांप्रदायिक तनाव के कारण यह सीट चुनावी माहौल से पहले ही हाईप्रोफाइल बन गई थी। 2 साल पहले 3 अक्टूबर 2021 को धार्मिक झंडा लगाने को लेकर जो विवाद हुआ उसने सांप्रदायिक और राजनीतिक रूप ले लिया था। 2 गुटों की मारपीट के बाद शहर में धारा 144 भी लागू की गई थी। इस मामले में बीजेपी नेता विजय शर्मा की गिरफ्तारी हुई थी जिसके बाद बीजेपी ने उन्हें चुनाव में प्रत्याशी भी बना दिया वहीं उनके सामने कांग्रेस से मोहम्मद अकबर के चुनाव लड़ने से मुकाबला और दिलचस्प हो गया।