Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

तेलंगाना की 119 विधानसभा सीटों पर सुबह 7 बजे से वोटिंग जारी है :1 बजे तक 36.68% मतदान हो चुका है।

तेलंगाना की 119 विधानसभा सीटों पर सुबह 7 बजे से वोटिंग जारी है। यह शाम 5 बजे तक चलेगी। चुनाव आयोग के मुताबिक, दोपहर 1 बजे तक 36.68% मतदान हो चुका है।

पोलिंग बूथ में मीडिया से बात करने की वजह से बीआरएस नेता के कविता के खिलाफ FIR दर्ज हुई। हैदराबाद में दोपहर 1 बजे तक 20% वोटिंग हुई है।

आदिलाबाद में वोट देने आए दो बुजुर्गों टोकला गंगम्मा (78) और राजन्ना (65) की मौत हो गई। वोटिंग के दौरान लाइन में खड़ी ​​​​​​टोकला गंगम्मा को हार्ट अटैक आया। वहीं, लाइन में खड़े राजन्ना चक्कर आने की वजह से गिर गए। अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में उनकी मौत हो गई।

मतदान के दौरान तीन से चार जगह कांग्रेस, बीजेपी और बीआरएस के कार्यकर्ता भिड़ गए। कुछ जगहों पर लाठीचार्ज भी हुआ।

8 लाख लोग पहली बार वोट डालेंगे
स्टेट इलेक्शन कमीशन के मुताबिक, राज्य में 3.17 करोड़ से ज्यादा वोटर्स हैं। इनमें 8 लाख लोग पहली बार वोट डालेंगे। नेशनल और स्टेट लेवल की कुल 109 पार्टियों के 2290 कैंडिडेट्स मैदान में हैं। राज्य में 35 हजार 655 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 511 केंद्र संवेदनशील हैं। ये सभी छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र की सीमा से लगे हैं और नक्सल प्रभावित हैं। सुरक्षा के लिए सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स की 100 से ज्यादा कंपनियां तैनात की गई हैं। नतीजे 3 दिसंबर को आएंगे।

BRS, कांग्रेस और भाजपा के बीच मुकाबला
तेलंगाना विधानसभा का कार्यकाल 16 जनवरी 2024 को खत्म होने वाला है। यहां पिछली बार दिसंबर 2018 में विधानसभा चुनाव हुए थे और तेलंगाना राष्ट्र समिति (TRS) ने सरकार बनाई थी। चंद्रशेखर राव दूसरी बार CM बने थे। TRS का नाम अब BRS (भारत राष्ट्र समिति) हो गया है।

इस बार के चुनाव में सत्तारूढ़ BRS, कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है। साल 2018 में BRS को 88, कांग्रेस को 19 सीटें मिली थीं। वहीं, भाजपा के खाते में केवल एक सीट आई थी।

Leave a Comment

You May Like This