प्रियंका गांधी सोमवार को छत्तीसगढ़ दौरे पर लगभग 11 बजे राजधानी रायपुर पहुचेंगी । प्रियंका खैरागढ़ और बिलासपुर में चुनावी सभा को संबोधित करेंगी। साथ ही वे यहां कांग्रेस प्रत्याशियों की नामांकन रैली में भी शामिल होंगी। प्रियंका का साल में यह पांचवां छत्तीसगढ़ दौरा है।
बिलासपुर में सोमवार को होने वाली नामांकन रैली में शामिल होने के लिए पहले सिर्फ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आने की तैयारी चल रही थी। लेकिन अब प्रियंका गांधी इन सभाओं में शामिल होंगी। प्रियंका की यह रैली बिलासपुर संभाग में आने वाली सभी 25 सीटों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
खैरागढ़ में पहले चरण में होगी वोटिंग
प्रियंका गांधी लगभग 11 बजे राजधानी रायपुर पहुचेंगी। कुछ देर निजी होटल में आराम करने के बाद खैरागढ़ के लिए रवाना होंगी। छत्तीसगढ़ में 7 नवंबर को पहले चरण की वोटिंग होनी है और खैरागढ़ सीट पहले चरण की सीट है। प्रियंका की पहली जनसभा दोपहर 12:30 बजे खैरागढ़ के जलाबंधा में होगी। खैरागढ़ से प्रियंका सीधे बिलासपुर जाएंगी।
दोपहर को 3.15 बजे बिलासपुर के पुलिस ग्राउंड में चुनावी सभा को संबोधित करेंगी। हालांकि बिलासपुर में दूसरे चरण में चुनाव होना है। बिलासपुर में सभा के बाद शाम को 5 बजे रायपुर से दिल्ली के लिए प्रियंका रवाना हो जाएंगी।