नकटी गांव बुलडोजर कार्रवाई मामला : कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से की मुलाकात, प्रभावित परिवारों के लिए मांगा न्याय

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रायपुर। नकटी गांव में हुई बुलडोजर कार्रवाई के मुद्दे पर शुक्रवार को कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने लोकभवन में राज्यपाल को ज्ञापन सौंपते हुए प्रभावित परिवारों पर हुई कार्रवाई और उनकी मौजूदा समस्याओं से अवगत कराया।

कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल के समक्ष कहा कि बुलडोजर कार्रवाई से प्रभावित परिवारों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने पूरे मामले में राज्यपाल से हस्तक्षेप कर प्रभावित लोगों को न्याय दिलाने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, राज्यपाल ने उनकी बात गंभीरता से सुनी और आश्वासन दिया कि विधानसभा सत्र समाप्त होने के बाद वे इस पूरे मामले पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से चर्चा करेंगे।

कांग्रेस नेताओं ने उम्मीद जताई कि राज्यपाल के हस्तक्षेप से प्रभावित परिवारों को राहत मिलेगी और मामले में न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही उन्होंने सरकार से भी प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए उचित कदम उठाने की मांग की।

इससे पहले बुधवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में कांग्रेस ने नकटी गांव से राजभवन तक करीब 14 किलोमीटर की पदयात्रा निकाली थी। पदयात्रा वीआईपी चौक होते हुए लोकभवन पहुंची, लेकिन उस दिन राज्यपाल से मुलाकात नहीं हो सकी थी। इसके बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात के लिए समय मांगा था। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी थी कि यदि तीन दिनों के भीतर राज्यपाल से मिलने का समय नहीं मिला तो कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी।

Dhara Tal
Author: Dhara Tal

Leave a Comment

और पढ़ें